
14 से 30 सितंबर तक समितियों पर लगेगा सट्टा प्रदर्शन मेला
कुशीनगर। पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों के तहत गन्ना विभाग ने कृषकों से अपने सर्वे सट्टा समेत जरूरी अभिलेखों का मिलान करने की अपील की है। जिला गन्ना अधिकारी हूदा सिद्दीकी ने कहा कि कृषक सर्वे सट्टा, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, आधार, खतौनी, गन्ना प्लाट के क्षेत्रफल और प्रजाति का मिलान अवश्य कर लें, ताकि पेराई सत्र के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गन्ना विभाग द्वारा 20 जुलाई से 30 अगस्त तक ग्रामवार सर्वे सट्टा प्रदर्शन कराया गया था। जनपद की 14 गन्ना समितियों के 1488 गांवों में प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, पांच सितंबर से कृषकों को प्री-कैलेंडर का वितरण किया जा रहा है।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर कृषक विभागीय वेबसाइट enquiry.caneup.in, ई-गन्ना एप अथवा टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कृषकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 14 से 30 सितंबर तक सभी गन्ना समितियों पर समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेले आयोजित किए जाएंगे।
सेवरही, दुदही, तरया सुजान, कठकुइयां, कप्तानगंज, बोदरवार, लक्ष्मीगंज और खड्डा में 14 से 23 सितंबर तक, रामकोला (के.) व रामकोला (पी.) में 15 से 24 सितंबर, पडरौना में 16 से 25 सितंबर, हाटा में 15 से 22 सितंबर, छितौनी में 15 से 24 सितंबर तथा कसया में 22 से 30 सितंबर तक मेले लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नए सदस्य बनने के इच्छुक कृषक 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन कृषकों का वास्तविक उत्पादन बेसिक कोटे से अधिक है, वे भी इसी अवधि में उपज बढ़ोतरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। सदस्यता के लिए खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो साथ लाना होगा। सदस्यता के लिए 21 रुपये तथा शेष 200 रुपये अंश राशि प्रथम गन्ना पर्ची से समायोजित की जाएगी।