त्योहारों पर सुरक्षा का खाका तैयार, एसएसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अपराध पर अंकुश और कानून व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस की व्यापक रणनीति

गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित ह्वाइट हाउस में पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी की।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और कानून व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न होने देने पर जोर दिया गया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष, यातायात निरीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।