
बैतालपुर। बैतालपुर क्षेत्र के रुच्चापार स्थित दुर्गा मंदिर अखाड़े पर मंगलवार को विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 42 जोड़ी पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुकाबलों में पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए जोरदार दांव-पेच आजमाए। मऊ के धर्मचंद और चौरीचौरा के छोटे यादव के बीच हुई कुश्ती खास चर्चा में रही। इसमें धर्मचंद ने जीत दर्ज की।
दंगल का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय प्रताप सिंह पिंटू, पूर्व प्रमुख विजय प्रताप यादव और पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। दंगल में मऊ के धर्मचंद और चौरीचौरा के छोटे यादव के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर दांव आजमाए। कड़ी जोर-आजमाइश के बाद धर्मचंद ने छोटे यादव को पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, रजिया राजधानी के नकुल यादव और वाराणसी के रामबाग निवासी शुभम यादव के बीच भी रोचक कुश्ती हुई। इसमें शुभम यादव विजयी रहे। मथुरा के धर्मवीर यादव और गोरखपुर के अमित यादव के बीच हुई कुश्ती भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए कई दांव लगाए, लेकिन मुकाबले में कोई निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। अंत में कुश्ती बराबरी पर छूटी। प्रतियोगिता में कुल 42 जोड़ी पहलवानों के बीच कुश्ती हुई। इनमें 14 जोड़ी पहलवानों के मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जबकि 28 जोड़ियों के मुकाबलों में परिणाम निकला। दंगल कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्ना यादव तथा संचालन एडवोकेट सच्चिदानंद यादव ने किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह, तेज प्रताप जायसवाल, राधेश्याम यादव, सपा जिलाध्यक्ष ब्यास यादव, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बांकेलाल यादव, राजेश यादव, रामभवन यादव और राजन यादव मौजूद रहे।