सेवा संकल्प अभियान में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

 

छितौनी,कुशीनगर।सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को छितौनी इंटर कॉलेज और नीलनी हाई स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

छितौनी इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता का आयोजन खड्डा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीलेश मिश्रा, खड्डा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य आकाश कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाना और उनमें रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान तथा अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।

छितौनी इंटर कॉलेज में करीब 350 छात्र-छात्राओं ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वहीं लगभग 150 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में करीब 25 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से विभिन्न विषयों को कागज पर उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखकर अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का परिणाम घोषित कर आगामी 2 अक्टूबर को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ रचनात्मक सोच, सामान्य ज्ञान और मंच पर अपनी बात रखने का आत्मविश्वास विकसित होता है। नीलनी हाई स्कूल में भी विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।