अम्बे माता मंदिर में हुआ भव्य भगवती जागरण



•अमित अंजन के भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु।

घुघली/महराजगंज।
घुघली में सिसवा मार्ग स्थित सुभाष चौक के निकट अम्बे माता मंदिर परिसर में रविवार की रात भव्य भगवती जागरण का आयोजन किया गया। सुप्रसिद्ध भजन गायक अमित अंजन की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां अंबे के जयकारों और भजनों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय बना रहा।
मां अंबे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के बाद गायक राजेश रौनक ने गणेश वंदना के साथ जागरण का शुभारंभ किया। इसके बाद भजन गायक अमित अंजन ने मंदिर में बैठी मां लगे प्यारी बड़ी, जीवन तो प्यारे एक रेल है, चलो बुलावा आया है, दे दे दांतिये मंदिर का कोना और बम-बम बोल रहा है काशी जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी गायकी और भक्तिमय अंदाज पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
वहीं, भजन गायक शिवेश दुबे ने आहे मालिन कौन मालिन माई के बुलावली हो, निमिये पर डाले ली असरवा और शिव केड़िया तेरे दरवाजे पर एक अर्जी छोड़ी है जैसे भजनों से समां बांधा। भजन गायिका शीतल साहनी ने माई अईहें मोरे अंगना बाजा बजी, मौका बढ़िया बाटे डांस करा झूम झूम के सहित अन्य प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया। अन्य कलाकारों ने भी भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सुधीर सिंह, शिवशंकर त्रिपाठी, कृष्णा त्रिपाठी, गणेश अग्रवाल, गुड्डू जायसवाल, रणधीर सिंह, राजकुमार,मनीष, विशाल, अंशु, संजय, शिवम, अरुण बवाली, सत्यम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

↑