गुमनाम बस्तियों में विकास की रोशनी, वनटांगिया परिवारों संग मुख्यमंत्री ने मनाई दीपावली

82 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, बच्चों को बांटे उपहार और योजनाओं के लाभार्थियों को मिली सौगात

जंगल धूसड़/गोरखपुर। दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वनटांगिया गांव तिनकोनिया नंबर तीन पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं। बच्चों को उपहार वितरित किए और उनके साथ दीप जलाकर पर्व मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 82 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी।


मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की, उन्हें दीपावली के उपहार दिए और सुख-समृद्धि की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट वितरित कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश दिया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

वनटांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच काफी समय बिताया। कभी उपहारों से बच्चों के चेहरे खिले तो कभी दीपों की रोशनी से गांव जगमगा उठा। कभी विकास से दूर मानी जाने वाली इन बस्तियों में आज विकास की नई उम्मीद और खुशियों की रोशनी दिखाई दे रही है।

इस अवसर पर सांसद रवि किशन, विजय दुबे, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, डॉ. संजय निषाद, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, विजय शेन, प्रदीप शुक्ला, विनोद राय, वंदना सिंह, मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

↑