
सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्ची को तलाश कर नाना को सौंपा, परिजनों ने ली राहत की सांस
गोरखपुर। थाना गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी में घर के बाहर खेलते समय लापता हुई छह वर्षीय बच्ची को गोरखनाथ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को हुमायूंपुर उत्तरी निवासी नागेंद्र प्रताप गौड़ ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी छह वर्षीय नातिन अनन्या गौड़, पुत्री सत्य प्रकाश, स्कूल से आने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जटेपुर उत्तरी उपनिरीक्षक हैदर अली खान, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा वर्मा, आरक्षी राम हरख चौहान और आरक्षी नितिन कुमार ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और उसके नाना नागेंद्र प्रताप गौड़ को सुपुर्द कर दिया।
बच्ची के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत महसूस की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सका।