
महराजगंज।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी के अचानक निरीक्षण से विभिन्न कार्यालयों में अफरा-तफरी की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख कार्यालय, कोषागार सहित अन्य कार्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार, नाजिर वेद प्रकाश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी (भूलेख) भूपेंद्र गुप्ता तथा डूडा कार्यालय में सीएलटीसी कृष्णमुनि एवं जनार्दन गुप्ता अनुपस्थित पाए गए।
इनके अतिरिक्त आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार, प्रधान सहायक दीपक कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सहायक राजाराम चौधरी, मनोज धर दूबे एवं घनश्याम वर्मा, लेखपाल राम आशीष तथा भूलेख कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंती देवी भी अनुपस्थित मिलीं। उन्होंने ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का उचित रखरखाव एवं व्यवस्थित ढंग से रखे जाने की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। कार्यालयों में साफ-सफाई, सुव्यवस्था एवं अभिलेखों का उचित रखरखाव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार एवं अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।