
•ट्रक से 323 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, फर्जी ई-वे बिल और कूटरचित बिल्टी के सहारे बिहार भेजी जा रही थी खेप
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की गोरखपुर फील्ड इकाई ने सोमवार को खोराबार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ट्रक में छिपाकर रखी गई 323 पेटी अंग्रेजी शराब, दो फर्जी बिल्टी, एक ट्रक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के कमठाई गोदारों की ढाणी निवासी थाना राम के रूप में हुई है। आरोपी को 2 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे रामनगर कर्जहां स्थित गोपालगंज पेट्रोल पंप के पास से पकड़ा गया।
एसटीएफ को मिली थी तस्करी की सूचना
एसटीएफ को सूचना मिल रही थी कि अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के निर्देशन में तथा निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ गोरखपुर फील्ड इकाई की टीम सूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान गणेश ढाबा के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा होने और उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब रखे जाने की जानकारी मिली।
सूचना पर उपनिरीक्षक विनायक सिंह, उपनिरीक्षक यशवंत सिंह और उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने तत्काल ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान से पंजाब के रास्ते बिहार पहुंचाई जा रही थी शराब
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक में अवैध शराब लादकर पंजाब के राजपुरा, अंबाला से लेकर आ रहा था। इस शराब को बिहार पहुंचाना था। बिहार पहुंचने पर अनिल नामक व्यक्ति उसे आगे का ठिकाना बताने वाला था। आरोपी को खाने-पीने और रास्ते के खर्च के अतिरिक्त प्रत्येक चक्कर के दस हजार रुपये मिलने थे। स्करी को अंजाम देने के लिए गिरोह ने फर्जी और कूट रचित ई-वे बिल तैयार कराया था, जिसमें जीरकपुर, पंजाब से भागलपुर, बिहार तक का विवरण दर्शाया गया था। वहीं ट्रक पर डाक पार्सल लिखा गया था, ताकि किसी को शराब की तस्करी का शक न हो।
323 पेटी शराब सहित ट्रक बरामद
एसटीएफ ने मौके से पार्टी स्पेशल ब्रांड की 750 एमएल की 104 पेटी, 180 एमएल की 115 पेटी और 375 एमएल की 45 पेटी तथा स्टार गोल्ड ब्रांड की 750 एमएल की 59 पेटी बरामद की। इसके अलावा दो फर्जी बिल्टी, ट्रक संख्या BR01GC23694 और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया।
इस मामले में थाना खोराबार में मुकदमा अपराध संख्या 526/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और शराब की तस्करी में शामिल नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।