
महराजगंज। स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर–फैजाबाद के निर्वाचन के अंतर्गत मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ। जनपद में कुल 81.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा, व्यवस्था तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर फरेंदा, लक्ष्मीपुर, बृजमनगंज एवं सदर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित पाई गई।
जिलाधिकारी ने मतदान व्यवस्था में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मतदान प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर व्यक्तिगत विवेक के आधार पर निर्धारित नियमों से हटकर कार्य न किया जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समाधान करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जनपद में कुल 3,572 निर्वाचक पंजीकृत थे, जिनमें से 2,908 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने वालों में 589 महिला एवं 2,319 पुरुष मतदाता शामिल रहे। इस प्रकार जनपद में कुल 81.41 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने में सहयोग के लिए सभी मतदान कार्मिकों, संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों, राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय एवं सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिली।
मतदान समाप्त होने के उपरांत सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने की प्रक्रिया संचालित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने मतपेटियों को जमा कराने की पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।