
सुकरौली। विवेकानंद कुशीनगर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के स्वदेशी मंच की ओर से संगठन के 33वें स्थापना दिवस पर स्वदेशी व्यापारी महाकुंभ आयोजित किया गया। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना मुख्य अतिथि रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक संदीप बंसल ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारोबार को मजबूत करने पर जोर दिया। महाकुंभ में व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा तथा ई-कॉमर्स कंपनियों से प्रतिस्पर्धा के लिए नियामक आयोग बनाए जाने की मांग उठाई गई।
वक्ताओं ने व्यापारी कल्याण दिवस, दुर्घटना बीमा योजना, व्यापारी बंधु, उद्योग बंधु व व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ जैसी व्यवस्थाओं के लिए सरकार का आभार जताया और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून की मांग की। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने व्यापारियों के हितों और सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, कुलपति राजकुमार मित्तल, राष्ट्रीय मंत्री सोमचंद गोयल समेत प्रदेशभर के व्यापारी मौजूद रहे। पडरौना से जिला अध्यक्ष सचिन चौरसिया सहित कैलाश चौरसिया, विपिन जायसवाल, अभय अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता, अजय गुप्ता हीरो तथा सुकरौली के नगर पंचायत अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता समेत अन्य व्यापारी शामिल हुए।