अमहिया में चौपाल लगाकर विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, पांच किमी की चार सड़कों की सौगात

चौरी चौरा विधान सभा क्षेत्र का विकास करना जीवन का मिल लक्ष्य: ई.सरवन निषाद

ब्रह्मपुर /गोरखपुर। ग्राम पंचायत अमहिया में रविवार को आयोजित चौपाल में क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने परिवारजनों की समस्याएं और स्थानीय जरूरतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए निर्देशित किया। चौपाल के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए करीब पांच किलोमीटर लंबाई वाले चार सड़क मार्गों की सौगात भी दी गई।विधायक ने कहा कि गांवों के विकास में बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव और पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग उन्हें विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रेरणा देता है। चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।चौपाल के दौरान ग्रामीणों में सड़क निर्माण की सौगात को लेकर उत्साह रहा। विधायक ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर गांवों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनील गुप्ता, राजकुमार निषाद, अरविंद सिंह, धनराज निषाद, नेमधारी पासवान, मनदीप निषाद, धर्मेंद्र यादव, सुरेश निषाद, प्रवीण चौबे, बाबूराम, राधेश्याम चौबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

↑