
दुदही/कुशीनगर( दिनेश कुमार मिश्रा)। विकासखंड दुदही के ग्राम सभा बांसगांव के टोला कोड़रा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बदहाली का शिकार है। केंद्र का फाटक और फर्श टूट चुके हैं, जबकि परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। केंद्र की दीवारें भी काली पड़ गई हैं। वहीं, आसपास उगी झाड़ियों में सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीव होने की आशंका से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ऐसे में केंद्र पर आने वाले छोटे बच्चों के साथ किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्राम सभा बांसगांव करीब 25 टोलों में विभाजित है, जहां लगभग 30 से 35 हजार की आबादी निवास करती है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जैनुद्दीन अंसारी के अनुसार, इतनी बड़ी ग्राम सभा में महज तीन सफाई कर्मियों की तैनाती है। सफाई कर्मियों की ड्यूटी प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर लगने के कारण गांव के सभी हिस्सों में नियमित सफाई कराना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाली और गंदगी की समस्या को पहले भी समाचार पत्र के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था। इसके बावजूद अब तक किसी सक्षम अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इससे केंद्र की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से आंगनबाड़ी केंद्र के टूटे फाटक और फर्श की मरम्मत कराने, दीवारों की साफ-सफाई व रंगाई कराने तथा आसपास उगी झाड़ियों को हटाकर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।