
क्रिकेट के मैदान से घर लौट रहे चार खिलाड़ियों की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा,दो घायल,हादसे ने चार परिवारों को उजाड़ा
सुल्तानपुर(निसार अहमद)। लखनऊ में टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता खेलकर देवरिया लौट रहे खिलाड़ियों की अर्टिगा कार बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बल्दीराय तहसील क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही देवरिया के मइल और लार क्षेत्र के गांवों में मातम पसर गया।जानकारी के मुताबिक देवरिया के अलग-अलग इलाकों के 11 खिलाड़ी सोमवार रात लखनऊ में टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता खेलने गए थे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद खिलाड़ी अलग-अलग वाहनों से घर लौट रहे थे।बुधवार सुबह करीब पांच बजे खिलाड़ियों को लेकर चल रही अर्टिगा कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।प्रारंभिक जानकारी में पुलिस को बताया गया है कि चालक को झपकी आने के कारण कार ट्रक से जा टकराई। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। हालांकि,हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हादसे में नित्य प्रजापति, इरफान अंसारी, अनिकेत सिंह और आनंद यादव की मौत हुई है। नित्य मइल थाना क्षेत्र के बगहा गांव के निवासी थे। वहीं इरफान बलिया दक्षिण क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।अनिकेत लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव और आनंद यादव कोहरा गांव के निवासी थे।चारों युवक क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी थे और यूपी-बिहार समेत विभिन्न स्थानों पर होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे।सोमवार को भी वे देवरिया की टेनिस क्रिकेट टीम की ओर से लखनऊ में प्रतियोगिता खेलने गए थे।नित्य की मौत की खबर बगहा गांव पहुंचते ही घर पर ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।अन्य मृतकों के घरों पर भी चीख-पुकार मची हुई है। खेल के मैदान से जीत-हार की यादें लेकर घर लौट रहे युवकों के परिवारों को सुबह उनकी मौत की खबर मिली तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।एक साथ चार खिलाड़ियों की मौत से मइल और लार क्षेत्र ही नहीं,खेल प्रेमियों में भी शोक है। गांवों में दिनभर हादसे की चर्चा होती रही और परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का पहुंचना जारी रहा।