हलियापुर के एजाज ने कानपुर में लगाई फांसी,गांव में पसरा मातम

मरने से पहले व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा-दोस्तों अलविदा…

सुसाइड नोट में परिवार को परेशान न करने की अपील

निसार अहमद
सुलतानपुर।हलियापुर गांव के 35 वर्षीय ट्रक चालक एजाज अहमद ने कानपुर में फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार तड़के हुई घटना की खबर मिलते ही पैतृक गांव में कोहराम मच गया। मौत से पहले एजाज ने व्हाट्सएप स्टेटस पर दर्द भरी शायरी पोस्ट की थी। मौके से मिले दो पन्नों के कथित सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।एजाज अहमद पुत्र स्व. रहमत खान करीब आठ वर्षों से कानपुर में एक दूध डेयरी प्लांट में ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। पिता की करीब दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। मां शायरा बेगम बीमार हैं और रायबरेली में उपचार करा रही हैं। परिवार में एक बहन भी है।बताया गया कि घटना से कुछ देर पहले सुबह करीब 4:25 बजे एजाज ने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा—“खत्म आखिर हो रहा ये सफर दोस्तों… छोड़ जाएंगे प्यारा नगर दोस्तों… दोस्तों अलविदा, साथियों अलविदा।” इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची।मौके से मिले कथित सुसाइड नोट में एजाज ने लिखा कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है और उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। परिवार को परेशान न करने की अपील भी की। नोट में उसने 20 अप्रैल 2025 को अपनी शादी होने और घर में मां व पत्नी के बीच विवाद के कारण अपेक्षित खुशी नहीं मिलने की बात लिखी है। उसने जेब में रखे पांच हजार रुपये घरवालों को देने और शव को गांव की मिट्टी में दफनाने की इच्छा भी जताई है। नोट पर 8 अक्तूबर 2026 की तारीख और 3:50 बजे का समय दर्ज बताया गया है।हलियापुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कानपुर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना थाने को नहीं मिली है।परिवार को सुबह करीब पांच बजे घटना की जानकारी हुई,जिसके बाद परिजन कानपुर रवाना हो गए।पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचने की संभावना है।
एजाज की मौत की खबर से हलियापुर में शोक की लहर दौड़ गई।बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। शव आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

↑