गगहा के कुश्ती दंगल में इटौवा के ऋषभ का जलवा रेलवे स्टेडियम के आदित्य को तीन मिनट में चित किया

130 जोड़ पहलवानों ने दिखाया दमखम, अधिकांश मुकाबले बराबरी पर छूटे

गांवों में खेल और कुश्ती को बढ़ावा दे रही सरकार- कमलेश पासवान

गगहा/गोरखपुर। गगहा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर मील परिसर में सोमवार को आयोजित भव्य कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में कुल 130 जोड़ पहलवानों के बीच मुकाबले हुए। अधिकांश कुश्तियां बराबरी पर छूटीं, लेकिन इटौवा के ऋषभ पहलवान ने रेलवे स्टेडियम गोरखपुर के आदित्य को महज तीन मिनट में चित कर खूब वाहवाही लूटी। इस मुकाबले के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवान का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता की बड़ी कुश्ती मोहद्दीपुर के उमेश पहलवान और कठवतिया के पवन पहलवान के बीच हुई, जो बराबरी पर समाप्त हुई। अन्य मुकाबलों में कौड़ीराम के अंश ने मऊ के अभिमन्यु, खजनी के संदीप ने मोहद्दीपुर के अमन, आजमगढ़ के टाइगर ने रामबाग के कार्तिक, चौरीचौरा के विकास ने महराजगंज के प्रदीप, रामबाग के अनुराग ने लकुड़ी के विष्णु तथा सरहरी के मोनू ने विवेक पांडेय को पटखनी दी।
वहीं डेरवा के शिवम और महराजगंज के रंजीत, रामबाग के अंकित और ददरी के आनंद, मोहद्दीपुर के विशाल और ददरी के राहुल, बसियराम के अतुल और चौरीचौरा के आकाश तथा शिवाजी अखाड़ा के आर्यन और विश्रामपुर के रमेश के बीच मुकाबले बराबरी पर छूटे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि सरकार गांवों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और युवाओं में कुश्ती के प्रति उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक खेलों को नई पहचान मिलती है। विशिष्ट अतिथि माया शंकर शुक्ला ने खिलाड़ियों के लिए अनुशासन को आवश्यक बताते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर जोर दिया।
कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजक पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि जयवीर सिंह और व्यवस्थापक रणवीर सिंह (बबलू) ने अतिथियों, पहलवानों एवं उपस्थित खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रामचंद्र यादव, गोविंद यादव और ओमप्रकाश राय ने निभाई। उमेश राय ने उद्घोषणा की, जबकि सरितेश मिश्र ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज, राकेन्द्र द्विवेदी, यशवीर सिंह, सत्यवीर सिंह, अमित सिंह, रामतेज सिंह, अजय कुमार सिंह रिंकू, अजीत वर्मा, अभिमन्यु सिंह, डॉ. परमहंस सिंह, शत्रुजीत सिंह, विनोद सिंह, रविंद्र प्रजापति, मुनेंद्र सिंह बबलू, रामस्वरूप यादव, पप्पू चंद और राजेश सिंह सहित हजारों की संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

↑