
•छहूँ चौराहे पर मां भगवती जागरण, आकर्षक झांकियों और कुश्ती मेले का आयोजन, देवी भजनों पर भक्तिमय हुआ माहौल
तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। विकासखंड तमकुही क्षेत्र के छहूँ चौराहे पर नवदुर्गा पूजा समिति की ओर से मां भगवती जागरण, भव्य झांकी और कुश्ती मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, कुश्ती प्रतियोगिता में करीब ढाई दर्जन जोड़ में पहलवानों ने अपने दांव-पेच आजमाए। रोमांचक मुकाबले में आकाश ने गुड्डू को पटखनी देकर जीत हासिल की, जबकि कई मुकाबले बराबरी पर छूटे।
मां अम्बे भगवती जागरण ग्रुप की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गायक सुनील संगम, मनोज तिवारी और सुमन कश्यप ने देवी भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मनोज तिवारी ने कवने बनवा बोले कोईलरिया’ और माटी के मूर्ति से हंसेली मुस्काई के जैसे देवी गीत प्रस्तुत किए। वहीं, सुनील संगम ने अवतारी घरे सातो बहिनिया’,मटिये के माई के मूर्ति बनल बा और ‘निमिया के डाल मइया झूलेली झुलनवा जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय बना दिया। सुमन कश्यप ने गंगा जी नहइबो ए मइया’,गीत की प्रस्तुति दी।
सुनील संगम इवेंट झांकी ग्रुप की ओर से गणेश वंदना, गणेश जी, हनुमान जी, शिव तांडव, राधा-कृष्ण, सुदामा चरित्र और काली अवतार की झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही श्मशान की होली और बरसाने की होली की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंगलवार की रात निकली झांकियों के दौरान नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते युवाओं की टोली ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। नौ अखाड़ों के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भ्रमण के बाद झांकियां पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं।
कुश्ती में पहलवानों ने दिखाया दमखम
कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया। प्रतियोगिता में गुड्डू, आकाश, अभय, रुदल, मुकेश, रितेश, हरिकेश, इरफान, संपत, पंकज, घनश्याम और विकास सहित अन्य पहलवानों ने जोरदार मुकाबले किए। जिला केसरी भोला यादव और जिला केसरी केदार यादव भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीनतम कलाओं में से एक है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने वाले लोग और यह धरती वंदनीय हैं। यहां पहुंचकर वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों सहित गणमान्य लोग रहे मौजूद।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल कुमार सिंह, विनायक यादव और देवेंद्र प्रताप राय उर्फ पप्पू सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. उदय प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन ध्रुव राय ने किया।
आयोजक मंडल में समिति के अध्यक्ष विपिन सिंह के साथ अनिल सिंह, रोहित सिंह और सत्यपाल सिंह ने व्यवस्था संभाली। कुश्ती प्रतियोगिता में जयप्रकाश शर्मा और रामप्रकाश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। महेंद्र शर्मा, अनिल कुमार निर्मल, चंद्रभूषण यादव, रमेश प्रसाद,सत्येंद्र यादव, भोलू अंसारी सोनू शर्मा,और प्रमोद सिंह ज्ञान प्रकाश गुप्ता , वीर सिंह,अशोक सिंह। पवन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।