
•स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत चार-बिन प्रणाली, निपुण आकलन, नवाचार और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर दिया गया जोर
कसया/कुशीनगर। न्याय पंचायत साखोपार में आयोजित शिक्षक संकुल बैठक की अध्यक्षता करते हुए डायट प्राचार्य दीनानाथ ने संकुल शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों को पूरी निष्ठा और लगन के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही बच्चों के शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने, निपुण आकलन को बढ़ावा देने तथा शिक्षण कार्य में नवाचारों को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य ने कहा कि शिक्षक एक-दूसरे के अनुभवों और अच्छे प्रयासों को साझा करें, ताकि सभी विद्यालयों में शिक्षण की प्रभावी गतिविधियों को लागू किया जा सके। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर संवाद से बच्चों की शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
यू-डायस पोर्टल पर सही जानकारी भरने की अपील
शिक्षक संकुल तारिक अंसारी ने यू-डायस पोर्टल पर स्कूल प्रोफाइल, स्टूडेंट प्रोफाइल एवं टीचर प्रोफाइल को शुद्ध और सही तरीके से भरने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाने वाली सूचनाएं सही एवं अद्यतन होनी चाहिए, जिससे विद्यालयों से संबंधित अभिलेख व्यवस्थित रहें और आवश्यक कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर रामगति प्रसाद, अखिलेश यादव, पिंटू प्रसाद, मैनेजर यादव, श्वेता पाण्डेय, दीपा, दीपक, सुबोध शुक्ला, कुमारी, हेमलता, सन्ना अंसारी, श्वेता यादव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।