
खजनी क्षेत्र में श्रद्धा के साथ मनाया गया पर्व, व्रत रखकर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना और दान-पुण्य
खजनी/गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र में सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर व्रत रखा। महिलाओं ने पीपल के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा कर परिक्रमा की और परिवार के मंगल की प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन पीपल की पूजा और परिक्रमा का विशेष महत्व है। महिलाओं ने जल, दूध, पुष्प और अक्षत अर्पित कर कच्चा सूत लपेटते हुए परिक्रमा की। साथ ही जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान किया। इस दौरान सोमवती अमावस्या से जुड़ी पौराणिक कथा भी सुनी गई।
स्थानीय महिलाओं ज्योत्सना, कलावती, उषा, कालिंदी, मोनिका, नीरजा और विजयलक्ष्मी ने बताया कि यह पर्व भारतीय धार्मिक परंपरा और आस्था का प्रतीक है। वहीं पंडित प्रेमचंद त्रिपाठी और प्रदीप मिश्र शास्त्री ने पीपल पूजन तथा अमावस्या के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सुख-समृद्धि और पितरों की शांति से जुड़ा पर्व बताया।
पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की।