
पटहेरवा/कुशीनगर। पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र से कथित मनमानी विद्युत कटौती किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष अमलेश कुमार तिवारी ने फाजिलनगर विधायक को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र पर शेड्यूल के नाम पर मनमाने तरीके से बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। मंडल अध्यक्ष के अनुसार, प्रतिदिन शाम करीब पांच बजे से अगले दिन सुबह 11:20 बजे तक शेड्यूल के नाम पर लंबे समय तक बिजली कटौती की जा रही है। इससे क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गर्मी और उमस के बीच घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आम लोगों के साथ ही दुकानदारों, व्यापारियों और अन्य उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने फाजिलनगर विधायक से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों से वार्ता करने तथा अनावश्यक विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाकर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।