
कुंदा भैरवपुर के पास सर्विस लेन पर घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग,जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
निसार अहमद
सुलतानपुर।अखंडनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कुंदा भैरवपुर के पास सर्विस लेन पर घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोतिगरपुर निवासी मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से एक बाइक, अवैध देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मुकेश वर्मा 5 अक्तूबर को दो गुटों के बीच हुए विवाद के मामले में वांछित चल रहा था।विवाद के दौरान दो युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस के अनुसार अलग-अलग थानों में भी आरोपी के खिलाफ मारपीट और लूट समेत चार गंभीर मामले दर्ज हैं।गुरुवार को अखंडनगर पुलिस को सूचना मिली कि मुकेश वर्मा कुंदा भैरवपुर के पास सर्विस लेन से कहीं जाने वाला है।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी।घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया,जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।