राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित राजेश कुमार उपाध्याय सम्मानित

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने देवी सरस्वती की प्रतिमा भेंट कर दी बधाई

महराजगंज(विनय तिवारी)। घुघली विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगांव के सहायक अध्यापक राजेश कुमार उपाध्याय का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल ने उन्हें बधाई देते हुए देवी सरस्वती की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
राजेश कुमार उपाध्याय का चयन उनके नवोन्मेषी शैक्षिक प्रयासों, अथक परिश्रम और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण के आधार पर हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान मिलना जनपद महराजगंज के लिए भी गौरव की बात है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ ही अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं। राजेश कुमार उपाध्याय की यह उपलब्धि जनपद के शिक्षकों को अपने कार्यों में नवाचार और बेहतर प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगी।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर शिक्षक समुदाय एवं शुभचिंतकों ने भी राजेश कुमार उपाध्याय को बधाई और शुभकामनाएं दीं।