Deoria

दबिश देने गई पुलिस पर हमला,तीन दरोगा, एक महिला सिपाही समेत 8 घायल

निर्वाण टाइम्स ब्यूरो

भटनी (देवरिया)। थाना क्षेत्र के सल्लहपुर में शनिवार तड़के 3 बजे पुलिस और बदमाश के परिजनों के बीच जमकर बवाल हो गया। पुलिस इनामी वांछित विकास यादव को पकड़ने गई थी, लेकिन उसके घर वालों ने पुलिस टीम पर ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में दो मोबाइल टीम और पैदल गश्त कर रहे जवानों को इकट्ठा कर विकास यादव के घर दबिश दी गई। विकास पर मुकदमा संख्या 209/2026 दर्ज है, कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी है और उस पर इनाम भी घोषित है। घर पर विकास नहीं मिला तो परिजनों से पूछताछ शुरू हुई। इसी दौरान घर की महिलाएं और पुरुष भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने कहा – “बार-बार पुलिस हमारे दरवाजे पर क्यों आती है” और पुलिस से उलझ गए।
पुलिस के मुताबिक जयसिंह यादव, रंजय यादव, पूजा यादव, मंशा यादव, मधु यादव, सीमा देवी, मुस्कान कुमारी, सोनू यादव और गोलू उर्फ दीपक यादव सहित अन्य ने सरकारी गाड़ी और बाइक की चाबी, हेलमेट छीनने की कोशिश की। महिला आरक्षी ब्यूटी पाल ने समझाने की कोशिश की तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में एसआई संतोष यादव, राहुल दुबे, कमलेश कुमार गुप्ता, आरक्षी सुधीर यादव, मुख्य आरक्षी चन्द्रिका प्रजापति, महिला आरक्षी ब्यूटी पाल, आरक्षी मानवेंद्र यादव व अनिवेश सिंह को चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!