संविधान दिवस पर अंशिका बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य

सुकरौली ,कुशीनगर।संविधान दिवस पर स्टार पब्लिक स्कूल, पैकौली में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा सातवीं की छात्रा अंशिका यादव को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई। विद्यालय के प्रबंधक सरताज आलम ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। छात्राओं को नेतृत्व का अवसर देना महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल है। कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।



