Lakhimpur-khiri

बकरी के लालच में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ

तिकुनियां-खीरी। बनवीरपुर गांव में बछड़े का शिकार करने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में गुरुवार सुबह एक तेंदुआ कैद हो गया। वन विभाग की टीम तेंदुए को पिंजरे समेत रेंज मुख्यालय ले गई।

बीते 15 अक्टूबर को बनवीरपुर गांव में एक किसान के पशुबाड़े में घुसकर तेंदुए ने बछड़े का शिकार कर लिया था। घटना के बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए थे।

गुरुवार सुबह करीब पांच बजे रननगर में लगाए गए पिंजरे में बंधी बकरी का शिकार करने के लालच में तेंदुआ अंदर पहुंच गया और कैद हो गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को रेंज मुख्यालय ले गई।

रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ अभी शावक है। क्षेत्र में अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की भी आशंका है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की। रेंजर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद ही तेंदुए को छोड़ने का स्थान निर्धारित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!