GorakhpurUttar Pradesh

प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत

  जंगल धूषण / पादरी बाजार गोरखपुर। – ग्राम पंचायत जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोले में बुधवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली में लगी लोहे की लंबी रॉड ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गई, जिससे ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में लकी (17), विक्की (18) और चंदन (21) की मौत हो गई। मृतकों में लकी और विक्की सगे भाई थे, जबकि चंदन उनका मौसेरा भाई था। घटना की सूचना पर पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेन्द्र पाल सिंह बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। हादसे से आहत एवं आक्रोशित लोगों से मुलाकात कर विधायक ने उन्हें समझाया-बुझाया तथा धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!