मासूम की मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग, एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन

•आरोपी की गिरफ्तारी, पांच लाख रुपये की सहायता और निष्पक्ष जांच की मांग
महराजगंज/लक्ष्मीपुर।पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के टोला कोदईपुर में 18 माह के मासूम आयुष की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की।मासूम के पिता नाथूराम पुत्र रामकिशन के अनुसार, 12 अक्टूबर की शाम आयुष दुर्गा मंदिर परिसर में खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार वाहन से उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए कहा कि थाने में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद वे कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं।परिवार ने चार सूत्रीय मांग पत्र देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा, पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का झंडा उखाड़कर फेंकने के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। साथ ही पुरंदरपुर थाना प्रभारी और दरोगा चंद्रप्रकाश झा के इस्तीफे की मांग भी उठाई।इस दौरान नाथूराम, उनकी पत्नी पूजा हजारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।



