Maharajganj

मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, मेधावियों को मिला सम्मान

कम्पोजिट विद्यालय लखिमा की दीपा ने चित्रकला में मारी बाजी, ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल

परतावल/महराजगंज। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला, निबंध, भाषण एवं ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में परतावल ब्लॉक के विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय लखिमा की छात्रा दीपा गौड़ ने प्रथम स्थान हासिल कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। प्राथमिक विद्यालय श्याम देउरवा की मोनिका ने द्वितीय तथा पीएम श्री विद्यालय ऊंटी खास की संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज की शालिनी सिंह प्रथम, चंचल पटेल द्वितीय और सान्वी सिंह तृतीय रहीं। क्विज प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरा चंदौली के सिराज अहमद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ल ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ की कल्पना तभी साकार होगी, जब नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा ने ऐसे आयोजनों को राष्ट्रीय चेतना और प्रतिभा निखारने का माध्यम बताया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार, वंदना त्रिपाठी, विवेक पटेल सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन सौरभ पाठक ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!