श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ कन्या पूजन, कन्याओं को कराया भोजन

श्यामदेउरवा/महराजगंज। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को श्यामदेउरवा मुख्य चौराहे पर टाइटैनिक जहाज की थीम पर बने दुर्गा पंडाल में हवन और कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में आचार्य शिवराम दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। हवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार और क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद कुंवारी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ उनका पूजन किया गया। आयोजकों ने कन्याओं के चरण पखारे, तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।
पूजन के बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। साथ ही उन्हें दक्षिणा, फल और उपहार भेंट किए गए। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजकों ने बताया कि सनातन परंपरा में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना जाता है। नवरात्र के समापन पर प्रतिवर्ष हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया जाता है। इस परंपरा के माध्यम से मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की शांति की कामना की जाती है।



