लीची के पौधों से किसानों की बढ़ेगी आय, 15 ग्राम सभाओं के किसानों को किया गया पौधा वितरण

खोटही फकीरा छपरा में किसानों को लीची के पौधे के बारे में जानकारी देते शनि विश्वकर्मा
मथौली बाजार/कुशीनगर।किसानों की आय बढ़ाने एवं उन्हें बागवानी से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम सभा खोटही फकीरा छपरा में शनिवार को अनुसूचित जाति के किसानों को लीची के पौधों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम सस्टेनेबल ह्यूमन डेवलपमेंट एसोसिएशन, गोरखपुर के माध्यम से तथा सहयोगी लीची अनुसंधान केन्द्र, मुजफ्फरपुर के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सिधावट,पगार,शिवपुर मठिया,रामपुर बगहा,बडहरा लक्ष्मीपुर,उरदहा , तरकुलवा गांव सहित 15 ग्राम सभाओं के किसानों ने भाग लिया जिन्हें लीची के पौधे वितरित किए गए। किसानों को लीची के पौधों के वैज्ञानिक तरीके से रोपण, देखभाल, सिंचाई, खाद एवं बेहतर फल उत्पादन की जानकारी दी गई। साथ ही लीची की खेती को अपनाकर फल उत्पादन के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि करने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया।
संस्था के सस्टेनेबल ह्यूमन डेवलपमेंट एसोशिएशन के अरुण त्रिपाठी ने बताया कि किसानों को बागवानी से जोड़ने और उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर सस्टेनेबल ह्यूमन डेवलपमेंट एसोसिएशन, गोरखपुर के अरुण त्रिपाठी, शनि विश्वकर्मा, कपिल देव ब्यूटी, गणेश एवं सुमित्रा नन्दन तथा ग्राम प्रधान रामदेव जी सहित कृष्ण मुरारी प्रसाद, उमेश प्रसाद, हिम्मत भारती, रामनिवास पासवान, यशवेंद्र भगत आदि बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। किसानों ने लीची की खेती को लाभकारी बताते हुए पौधों की देखभाल एवं उत्पादन संबंधी जानकारी में रुचि दिखाई।



