दीपावली की गश्त में घायल के लिए मददगार बनी बरही चौकी पुलिस, पेश की मानवता की मिसाल

एंबुलेंस से घायल को पहुंचाया एम्स गोरखपुर, परिजनों के आने तक अस्पताल में मौजूद रहे पुलिसकर्मी
गोरखपुर(बिपिन पांडेय)।दीपावली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद यूपी पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। गश्त के दौरान घायल व्यक्ति की सूचना मिलते ही बरही चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे एंबुलेंस की मदद से एम्स गोरखपुर पहुंचाया और उपचार के दौरान भी उसकी देखभाल की।
जानकारी के अनुसार, बरही चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक अंकुर सिंह अपनी टीम के सिपाही राजेश कुमार, यश पाठक और आशीष मौर्य के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यक्ति की पहचान अंगद गोंड के रूप में हुई, जो अपने पुत्र आनंद के साथ झंगहा थाना क्षेत्र से होते हुए अपने घर ग्राम गायघाट, थाना बड़हलगंज जा रहे थे। इसी दौरान वह घायल हो गए।
पुलिस टीम ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को बेहतर उपचार के लिए एम्स गोरखपुर पहुंचाया और उनके परिजनों को भी सूचना दी। सिपाही यश पाठक और आशीष मौर्य अस्पताल में उपचार के दौरान मौजूद रहे और परिजनों के पहुंचने तक घायल की देखभाल करते रहे। बाद में उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और मानवीय व्यवहार से अभिभूत परिजनों ने यूपी पुलिस की सराहना करते हुए जवानों के प्रति आभार जताया। बरही चौकी पुलिस के इस कार्य ने साबित किया कि खाकी केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं निभाती, बल्कि संकट के समय जरूरतमंदों का सहारा भी बनती है।



