परिषदीय विद्यालयों में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, शिक्षकों का किया सम्मान

अहिरौली बाजार/कसया/कुशीनगर।हाटा विकास खंड क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर महान शिक्षाविद एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें कलम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान कई विद्यालयों में शिक्षकों और बच्चों ने मिलकर केक काटा तथा एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। विद्यालयों में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने के साथ ही शिक्षा और संस्कार प्रदान करते हैं।
क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तमासपुर, जाखनी, चिरगोडा, खड्डा, बकनहा, कछुइया, जुनेबी, परेवाटार, रामपुर पट्टी, भठही राजा सहित विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालयों में बच्चों ने अपने शिक्षकों को कलम देकर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षक राजमंगल वर्मा को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा शिक्षक के महत्व के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों का वातावरण उत्साह और उमंग से भरा रहा। शिक्षकों ने बच्चों को मेहनत, अनुशासन, संस्कार और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान शिक्षक राजीव नयन द्विवेदी, प्रबीर राव, बिपिन सिंह, राजीव गुप्ता, संतोष सिंह, प्रीति पाल, उमेश चंद्र उपाध्याय सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



