बिजली करंट से विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

पति, सास और ननद पर लगाए गंभीर आरोप, झंगहा थाने में दी तहरीर; पोस्टमार्टम कराकर कार्रवाई की मांग
ब्रह्मपुर/गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष की ओर से मौत का कारण बिजली का करंट लगना बताया गया है, जबकि मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में मृतका के चाचा राम आश्रय निषाद ने झंगहा थाने में प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, राम आश्रय निषाद निवासी शिवपुर, चौरी-चौरा, गोरखपुर ने अपनी भतीजी रंजू (लगभग 25 वर्ष) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ब्रह्मपुर गांव निवासी सूरज पुत्र रामदरश निषाद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति सूरज आए दिन उनकी भतीजी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने पति के किसी अन्य युवती से कथित अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है।
पीडित चाचा का कहना है कि घटना के बाद पति सूरज, सास सुदामा देवी और ननद पिंकी की ओर से सूचना दी गई कि रंजू की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। हालांकि, मायके पक्ष को मौत की परिस्थितियों पर संदेह है।
राम आश्रय निषाद ने थाना अध्यक्ष से मृतका का पोस्टमार्टम कराकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



