ब्लॉक ब्रह्मपुर में आर्ट ऑफ लिविंग का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

योग, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से स्वास्थ्य व प्रसन्नता का दिया संदेश
ब्रह्मपुर/गोरखपुर(कमलाकांत द्विवेदी )। ब्लॉक ब्रह्मपुर परिसर में आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ जीवन में प्रसन्नता और सकारात्मकता बनाए रखने के उपाय बताए गए।
प्रशिक्षणार्थी के अनुभव के अनुसार, मानव शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से शरीर और मन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है। वहीं प्रसन्न रहने के लिए बीती बातों को भूलकर भविष्य की अनावश्यक चिंता से दूर रहते हुए वर्तमान परिस्थितियों को सहज रूप से स्वीकार करने पर जोर दिया गया।
शिविर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने विभिन्न अभ्यासों और जीवनोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने के तौर-तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण देने का तरीका भी प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सराहनीय बताया गया।
शिविर के समन्वयक ग्राम विकास अधिकारी संजय मणि त्रिपाठी के प्रेरणा और सहयोग से प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्य प्रशिक्षिका रुची दहिया, सह प्रशिक्षक संजय दूबे व सुनीता जी ने प्रशिक्षण प्रदान किया। व्यवस्थापक के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ब्रह्मपुर राघवेंद्र यादव तथा अध्यक्ष प्रधान संघ ब्रह्मपुर धीरज सिंह का योगदान भी सराहनीय रहा।
प्रशिक्षणार्थी अन्सारी, प्रदेश महासचिव, उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ ने शिविर के आयोजन और प्रशिक्षण के लिए सभी प्रशिक्षकों, सहयोगियों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से जीवन में सकारात्मक सोच और स्वस्थ दिनचर्या को बढ़ावा मिलता है।



