Gorakhpur

कान्हा की भक्ति में झूमा परतावल, ग्वालों ने फोड़ी मटकी। डोल यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

राधा-कृष्ण की अलौकिक झांकी और बनारस की गंगा आरती ने बांधा समां।

परतावल/महराजगंज। (आनन्द कुमार मिश्र)।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्यामदेऊरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में शुक्रवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। परंपरागत तरीके से निकली श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की डोल यात्रा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। कान्हा के जयकारों से नगर की गलियां गूंजती रहीं और हजारों लोग डोल यात्रा के साक्षी बने।नगर के युवाओं की ओर से आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न वार्डों की दर्जनों टीमों ने ग्वालों के रूप में पूरे दमखम के साथ हिस्सा लिया। एक के ऊपर एक चढ़कर युवाओं ने ऊंचाई पर टंगी मटकी फोड़ने का रोमांचक प्रयास किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए मुख्य चौराहे पर भारी भीड़ जुटी रही। डोल यात्रा की शुरुआत वार्ड नंबर 10 शिवनगर छातीराम स्थित स्टेट बैंक से हुई। यात्रा वार्ड नंबर 01 अंबेडकर नगर बभनौली, वार्ड नंबर 15 महंत अवैद्यनाथ नगर और परतावल बाजार होते हुए वार्ड नंबर 12 भगत सिंह नगर स्थित मुख्य चौराहे पर पहुंची। इसके बाद यात्रा पिपरिया पेट्रोल पंप होते हुए महराजगंज रोड स्थित प्राचीन हट्टी माता स्थान तक पहुंची।आयोजन समिति ने जन्माष्टमी महोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए बनारस घाट की प्रसिद्ध गंगा आरती की भव्य प्रस्तुति के साथ राधा-कृष्ण की अलौकिक झांकी प्रस्तुत की। मनमोहक झांकी और आरती के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया। भव्य आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। श्यामदेऊरवा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह और परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय मय फोर्स के साथ पनियरा थाना, भिटौली थाना, कोतवाली थाना, साईबर, एएचटी, पीएससी बल पूरे कार्यक्रम के दौरान चप्पे-चप्पे पर निगरानी बनाए रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच डोल यात्रा और मटकी फोड़ प्रतियोगिता शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम के संयोजन में आकाश पटेल, नागेंद्र शर्मा, किशन गुप्ता, विशाल मद्धेशिया, शिवम गुप्ता, सत्येंद्र मद्धेशिया, दीपू पटेल, राहुल मद्धेशिया और रमेश मद्धेशिया समेत आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!