Gorakhpur

प्रकृति का दिखा रौद्र रूप, तीन दिनों की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

चारों ओर पानी ही पानी, सड़कों पर फंसे वाहन और गिरे पेड़ों ने बढ़ाई मुश्किलें—क्या यह प्रकृति की चेतावनी है?

पत्रकार विनय तिवारी
गोरखपुर। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह वाहन पानी में फंस गए, जबकि तेज बारिश और हवा के कारण सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
लगातार बारिश ने साफ-सफाई और जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। नालियां भर जाने के कारण बारिश का पानी सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में जमा हो गया है। कई मोहल्लों में लोगों को घरों से निकलने तक में परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बारिश के इस बदले हुए मिजाज ने एक गंभीर सवाल भी खड़ा किया है—क्या प्रकृति बार-बार हमें चेतावनी दे रही है? बढ़ता जलभराव, नालों और नदियों का दबाव, पेड़ों का गिरना और थोड़ी सी बारिश में सड़कों का जलमग्न हो जाना केवल मौसम की मार नहीं, बल्कि हमारी व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करता है।
विशेषज्ञ लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन, पेड़ों की कटाई, अनियोजित निर्माण और जलनिकासी के पारंपरिक रास्तों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर चिंता जताते रहे हैं। यदि समय रहते जलनिकासी, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियां और गंभीर रूप ले सकती हैं।
प्रकृति को चुनौती देने के बजाय उसके संकेतों को समझने की जरूरत है। लगातार बदलता मौसम शायद यही संदेश दे रहा है कि विकास के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। सवाल केवल आज के जलभराव का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!