नगर आयुक्त ने जटेपुर उत्तरी वार्ड का किया स्थलीय निरीक्षण

सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
गोरखपुर। नगर आयुक्त ने गुरुवार को प्रातः आठ बजे वार्ड संख्या 27 जटेपुर उत्तरी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नाला एवं सड़क निर्माण कार्य तथा जलकल विभाग से संबंधित कार्यों की मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन सिंह, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल अधिकारी संतोष गुप्ता, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने वार्ड में प्रस्तावित कल्याण मंडपम स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हुमायूंपुर-हड़हड़वा फाटक रोड से कल्याण मंडपम की ओर लिंक रोड का निर्माण कराने तथा लिंक रोड के बगल में स्थित धोबी घाट के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।
इसके बाद गोकुल अपार्टमेंट की बाउंड्रीवाल से रेलवे लाइन तक प्रस्तावित नाला निर्माण की स्थिति देखी गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीवरेज एवं जलनिकासी योजना के तहत निर्माणाधीन पिनाकी राय के मकान से राजेश श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश दुबे, कैलाश, विमल, सेवालाल और राजू की विभिन्न गलियों में चल रहे नाला निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


