मानक के विपरीत सड़क निर्माण पर विधायक नाराज ठेकेदार को लगाई फटकार

•चौरी रामनगर में पीडब्ल्यूडी की सड़क का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता करने पर कार्रवाई की चेतावनी
ब्रह्मपुर/गोरखपुर। विधानसभा क्षेत्र के चौरी रामनगर में पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण में मानकों के विपरीत घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत पर विधायक ई. सरवन निषाद ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।निरीक्षण के दौरान विधायक ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक सड़क की सुविधा मिल सके।विधायक ई. सरवन निषाद ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कहीं भी शिकायत मिली और जांच में अनियमितता सामने आई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ उसे ब्लैकलिस्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर मानकों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।



